विक्रम गैस सर्विस सीकर पर डीएसओ ने मारा छापा
सीकर
जिला रसद अधिकारी, सीकर विजेन्द्र पाल ने बताया कि खाद्य विभाग जयपुर एवं जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा सीकर के निर्देशानुसार 30 मार्च 2026 सोमवार को जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में प्रवर्तन स्टाफ द्वारा विक्रम गैस सर्विस, सीकर पर सघन जांच की गई। जांच दल में जयराम गुर्जर, प्रवर्तन अधिकारी; सुनीता वर्मा, प्रवर्तन अधिकारी; सुरभि मीणा, प्रवर्तन निरीक्षक; एवं अनुराग बैरवाल, प्रवर्तन निरीक्षक शामिल थे।
सम्पर्क पोर्टल एवं जिला रसद कार्यालय में लगातार उपभोक्ताओं द्वारा विक्रम गैस सर्विस के विरुद्ध गैस सिलेण्डर आपूर्ति में धांधली और कालाबाजारी की शिकायतें की जा रही थीं। उपभोक्ताओं को डोर-स्टेप डिलीवरी न करके गैस एजेंसी पर बुलाकर सिलेण्डर देने का प्रावधान किया जा रहा था। निरीक्षण और इंश्योरेंस के नाम पर उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान किया जा रहा था। इस संबंध में उपस्थित उपभोक्ताओं के बयान लिए गए और जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके लिए खाद्य विभाग एवं संबंधित ऑयल कंपनियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र भेजा जाएगा। समस्त गैस एजेंसियों की जांच लगातार जारी रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री के निर्देशन में हुई बैठक में दिए गए निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर, सीकर ने विक्रय अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को ओटीपी आधारित ही सिलेण्डर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों को पाबंद किया जाएगा। किसी भी एजेंसी द्वारा बिना ओटीपी और बुकिंग के अनुरूप आपूर्ति न करने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही सभी गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंप धारकों को अपने कारोबार परिसर एवं गोदाम में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरा चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कलेक्टर द्वारा सभी उपखण्ड अधिकारियों एवं खाद्य विभाग के प्रवर्तन दलों को गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं उद्योगों को पाइपलाइन कनेक्शन आवेदन के बाद व्यावसायिक सिलेण्डरों की आपूर्ति दी जाएगी। पाइपलाइन गैस आपूर्ति के दुष्यन्त मनी, चीफ मैनेजर सीकर ने बताया कि पाइपलाइन गैस कनेक्शन आसानी से उपलब्ध है और एलपीजी गैस सिलेण्डर की तुलना में सस्ता है। पाइपलाइन कनेक्शन में कोई बुकिंग झंझट या बाधा नहीं है। पाइपलाइन युक्त गैस अब घरों के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, छात्रावास, स्कूल आदि को भी जारी की जा रही है। इच्छुक उपभोक्ता 8295903690 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला कलेक्टर द्वारा उपखण्ड अधिकारी के नेतृत्व में त्रिस्तरीय जांच समिति गठित की गई है, जो नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी रखेगी और गैस एजेंसियों की जांच करेगी। सभी अधिशाषी अधिकारियों, नगरपालिका एवं नगर परिषद, सीकर को नगरीय क्षेत्र के मुख्य स्थानों पर घरेलू गैस सिलेण्डर बुकिंग एवं शिकायत के लिए कस्टमर केयर नंबर 181, 112 एवं विभागीय हेल्पलाइन नंबर 14435 होर्डिंग पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसके दूरभाष नंबर 01572-251008 हैं।
जिला विक्रय अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में भारत एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक सिलेण्डरों की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। जिले में घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेण्डरों की मांग और आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
आज तेल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सुबह का प्रारंभिक स्टॉक लगभग 19,254 घरेलू गैस सिलेण्डर था और लगभग 9,656 सिलेण्डर जिले में आवक हुई, जिसमें से लगभग 13,010 घरेलू सिलेण्डर वितरित किए गए। जिला सीकर में घरेलू गैस सिलेण्डरों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे भयभीत न हों और अनावश्यक बुकिंग या घरेलू गैस सिलेण्डरों का संग्रहण नहीं करें।