सीकर जिले के बलारां थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि यूरोप वीजा दिलाने और नौकरी का झांसा देकर एक युवक से 1.5 लाख रुपए ठगे गए। शिकायतकर्ता हारून अली (34) ने आरोप लगाया है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने धमकियां भी दीं।
विदेश में नौकरी का झांसा देकर पैसे ऐंठे
हारून अली, निवासी बलारां, लक्ष्मणगढ़ ने एसीजेएम कोर्ट, लक्ष्मणगढ़ में दी गई शिकायत में कहा कि आरोपी रफीक खान ने यूरोप में नौकरी दिलाने का दावा किया था। रफीक ने बताया कि यूरोप में नौकरी से हर महीने 1 लाख रुपए की सैलरी मिलेगी और वीजा, पासपोर्ट व अन्य खर्चों के लिए 4 लाख रुपए लगेंगे।
हारून से पहले 50,000 रुपए आरोपी की पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए गए। इसके बाद आरोपी ने हारून को अपने घर बुलाकर 1 लाख रुपए नकद ले लिए। कुल मिलाकर 1.5 लाख रुपए की राशि आरोपियों ने प्राप्त की।
विदेश न भेजने पर ठगी का एहसास
काफी समय बीतने के बाद भी विदेश भेजने का काम पूरा नहीं हुआ। बार-बार संपर्क करने पर भी कोई जवाब नहीं मिलने से हारून को ठगी का एहसास हुआ। जब हारून ने पैसे लौटाने की मांग की, तो आरोपियों ने साफ मना कर दिया।
धमकियों के साथ इंकार
हारून ने आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने के लिए आरोपी के घर जाने पर उसे धमकियां दी गईं और कहा गया कि दोबारा घर आया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोर्ट के आदेश पर बलारां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल शुभकरण कर रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटी है।