विद्याश्रम किड्स किंगडम कॉन्वेंट स्कूल में प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित
सीकर
स्थानीय पोलो ग्राउंड स्थित विद्याश्रम किड्स किंगडम कॉन्वेंट स्कूल में सत्र 2025–26 के प्री-प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम की घोषणा के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और अभिभावकों का विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ग्रेजुएशन ड्रेस पहनकर मंच पर अपना परिणाम और ट्रॉफी प्राप्त की। ट्रॉफी हाथ में लेकर बच्चों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी, वहीं अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह में मेधावी एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय द्वारा वर्षभर आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सराहा गया।
संस्थान की निदेशक श्रीमती मंजु लाटा ने बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रेरित किया जाता है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल पायल शुक्ला, एचओडी बिन्सी थॉमस, को-ऑर्डिनेटर चंदा शर्मा, सरिता टेलर, यामिनी जैन सहित समस्त शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।