विद्याश्रम ग्लोबल अकैडमी में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया तुलसी पूजन दिवस
सीकर
विद्याश्रम ग्लोबल अकैडमी में तुलसी पूजन दिवस श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुसज्जित किया गया तथा संस्था निदेशक मंजू लाटा, मैनेजर कृष्ण गोपाल पांडे, सीईओ अनुराधा पांडे,विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति में तुलसी माता का विधिवत पूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की सीईओ अनुराधा पांडे ने बच्चों एवं अभिभावकों को तुलसी पूजन के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं औषधीय महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तुलसी का पौधा भारतीय संस्कृति में अत्यंत पवित्र माना जाता है तथा आयुर्वेद में इसके अनेक औषधीय गुण बताए गए हैं, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए और उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने एवं हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। प्रिंसिपल डॉ समीर शर्मा ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया और उन्हें भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तुलसी के पौधे भेंट स्वरूप प्रदान किए गए।