विद्याश्रम ग्लोबल एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया वसंत पंचमी उत्सव
सीकर।
विद्याश्रम ग्लोबल एकेडमी में वसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को पीले फूलों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था निदेशक मंजू लाटा, मैनेजर कृष्ण गोपाल पांडे, सीईओ अनुराधा पांडे, दीपांकर शर्मा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर शर्मा द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ की गई।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, कविता पाठ, नृत्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। सभी छात्र-छात्राएँ पीले परिधान में नजर आए, जिससे कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ गई।
इस अवसर पर मैनेजर कृष्ण गोपाल पांडे ने विद्यार्थियों को वसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, विद्या एवं नवीन ऊर्जा का प्रतीक है। वहीं विद्यालय की सीईओ अनुराधा पांडे ने अपने संदेश में कहा कि वसंत पंचमी ज्ञान, संस्कार और सृजनशीलता की प्रेरणा देती है तथा ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वसंत पंचमी का पर्व विद्यार्थियों में ज्ञानार्जन के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक सोच का विकास करता है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया तथा सभी विद्यार्थियों ने माँ सरस्वती से उज्ज्वल भविष्य की कामना की।