विद्याश्रम में “चिरियो 2026” विदाई समारोह का भव्य आयोजन
सीकर
पोलो ग्राउंड स्थित विद्याश्रम पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए “चिरियो 2026” विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की।
समारोह का शुभारंभ प्रशासनिक विभाग से सेवानिवृत्त राकेश कुमार लाटा एवं संस्था निदेशक मंजु लाटा द्वारा दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर भवाई नृत्य के प्रसिद्ध कलाकार राजेश साल्वी (उदयपुर) ने अपनी मनमोहक एवं आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वर्गों में विद्यार्थियों का चयन किया गया। मिस विद्याश्रम (कॉमर्स) का खिताब हिमांक्षी शर्मा, मिस विद्याश्रम (आर्ट्स) जया सेन एवं मिस विद्याश्रम (साइंस) खुशी सेन को प्रदान किया गया। वहीं मिस्टर कॉमर्स गग्नेस शर्मा, मिस्टर आर्ट्स पंकज बिलखीवाल एवं मिस्टर साइंस केशव जोशी को चुना गया।
समारोह के अंत में मिस विद्याश्रम का ताज खुशी शुक्ला को पहनाया गया, जबकि मिस्टर विद्याश्रम के रूप में कुणाल शर्मा का चयन किया गया। सभी विजेता विद्यार्थियों को ताज एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।
संस्था निदेशक मंजु लाटा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए परीक्षा की तैयारी हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्राचार्य पायल शुक्ला ने भी विद्यार्थियों को परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में एचओडी बिंसी थॉमस, कोऑर्डिनेटर चंदा शर्मा, यामिनी जैन, सरिता टेलर सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।