विश्वराज सिंह मेवाड़ का राजतिलक समारोह, 25 नवंबर को चित्तौड़गढ़ में होगा…

चित्तौड़गढ़ दुर्ग में 493 साल बाद होगी राजतिलक रस्म

उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और पूर्व सांसद महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के बाद अब उनके बेटे विश्वराज सिंह मेवाड़ की राजतिलक रस्म 25 नवंबर को चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित फतेह प्रकाश महल में आयोजित होगी। इस अवसर पर विश्वराज सिंह मेवाड़ एकलिंगनाथजी के 77वें दीवान के रूप में राजगद्दी पर बैठेंगे।

सांस्कृतिक उत्सव और धार्मिक अनुष्ठान
इस समारोह में सुबह 6:30 बजे से हवन और यज्ञ की शुरुआत होगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर जौहर स्मृति संस्थान के पदाधिकारियों की बैठकें हो रही हैं। इस अवसर पर 10,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। समारोह के दौरान कई राजघरानों के मुखिया भी उपस्थित रहेंगे।

इतिहास में 493 साल बाद हो रहा आयोजन
इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि 493 साल बाद चित्तौड़गढ़ दुर्ग के फतेह प्रकाश महल में राजतिलक की रस्म हो रही है, जो पहले राजटीले पर हुआ करती थी। इस बार बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल को फतेह प्रकाश महल में रखा गया है।

राजतिलक के बाद की रस्में
विश्वराज सिंह मेवाड़ के राजतिलक के बाद पगड़ी धारण की रस्म अदा की जाएगी। इसके बाद वे उदयपुर के राजमहल में धूणी के दर्शन करेंगे और एकलिंगनाथजी के निवास स्थान समोर बाग में रंग दस्तूर की परंपरा निभाएंगे।

abtakNewsSikar