सीकर।
शहीद भगत सिंह विधि महाविद्यालय, सीकर में इंटर सेमेस्टर मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह मूट कोर्ट भारतीय संविदा अधिनियम के प्रसिद्ध वाद मोहिरी बीबी बनाम धर्मोदास घोष पर आधारित था, जिसमें अवयस्क द्वारा की गई संविदा की वैधता को लेकर गहन कानूनी विमर्श किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न छात्र टीमों ने यह तर्क प्रस्तुत किए कि अवयस्क संविदा कर सकता है अथवा नहीं। प्रतिभागियों ने अपने-अपने पक्ष और विपक्ष में महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों एवं कानूनी प्रावधानों का सहारा लेते हुए प्रभावशाली तर्क रखे।
प्रबंध समिति की ओर से योगेश कुमार शर्मा, अधिवक्ता, राजस्थान उच्च न्यायालय उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में बार एसोसिएशन सीकर के सचिव विजय शर्मा, अधिवक्ता राहुल पारीक तथा मध्यस्थता सदस्य एवं अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति सीकर अंकुर बहड़ शामिल रहे।
प्रतियोगिता के अंत में निर्णायकों द्वारा निर्णय सुनाया गया, जिसमें सर्वश्रेष्ठ कानूनी तर्क प्रस्तुत करने वाली तीन टीमों को क्रमशः विजेता घोषित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिनेश चंद शुक्ला सहित संकाय सदस्य राजेश सैन, दीपाली सेठी, सरोज कंवर, चांदनी जैन एवं मनमीत सोनी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन दीपाली सेठी द्वारा किया गया।