शिक्षाप्रद समाचार: सादगी भरी शादी ने पेश की मिसाल
सीकर
सीकर से एक बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक पहल सामने आई है, जिसने समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है। जहां आजकल शादी-ब्याह के नाम पर फिजूलखर्ची, दिखावा, दहेज, डीजे और आतिशबाजी आम हो गई है, वहीं इस माहौल में मंगलूना गांव के इब्राहिम खां (पुत्र हिदायत खां, कोहिनूर परिवार) ने अपने बेटे मोहम्मद जावेद की शादी को बेहद सादगी के साथ संपन्न कर एक मिसाल कायम की है।
इस निकाह को बिना दहेज, बिना अनावश्यक लेन-देन, बिना डीजे और बिना आतिशबाजी के पूरा किया गया। यह कदम न केवल इस्लामी शिक्षाओं के अनुरूप है, बल्कि समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ एक मजबूत संदेश भी देता है।
इस्लाम में शादी को एक पवित्र और सरल प्रक्रिया बताया गया है, लेकिन आज के दौर में यह एक दिखावे का जरिया बनती जा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। ऐसे में इब्राहिम खां का यह प्रयास समाज के लिए एक जागरूकता का संदेश है।
समाज के लिए सीख:
यदि हम शादी-ब्याह में होने वाली फिजूलखर्ची को कम करें और उसी धन को अपने बच्चों तथा समाज के जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा पर खर्च करें, तो इसका सकारात्मक प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर जरूर पड़ेगा।
दुआ और उम्मीद:
हम दुआ करते हैं कि अल्लाह तआला इब्राहिम खां की इस नेक पहल को कबूल फरमाए और उन्हें और तरक्की अता करे। साथ ही, समाज के अन्य लोग भी इस मिसाल से प्रेरणा लेकर सादगी और शिक्षा को अपनाएं।
ऐसी पहल ही समाज में असली बदलाव लाती हैं और एक बेहतर भविष्य की नींव रखती हैं।