“शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है” — डॉ. दिनेश शर्मा

एम.के. ग्रुप ग्लोबल एजुकेशन का 2वां वार्षिक उत्सव “नई उमंग” आयोजित

“शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है” — डॉ. दिनेश शर्मा

जीएसटी में दी गयी प्रधानमंत्री जी द्वारा छूट वास्तव में दिवाली के पहले नागरिकों को बोनस है

एम.के. ग्रुप ग्लोबल एजुकेशन का 2वां वार्षिक उत्सव “नई उमंग” आयोजित

सीकर,राजस्थान-

एम.के. ग्रुप ग्लोबल एजुकेशन के 22वें वार्षिक उत्सव “नई उमंग” में आयोजित युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि —
“शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है, जिससे हम समाज, राष्ट्र और मानवता को सशक्त बना सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 इस केंद्रीय सरकार की दूरदर्शी पहल है, जिसने बच्चों के जीवन में खेल, विज्ञान, संगीत, कला और सृजनात्मकता को शिक्षा का अभिन्न अंग बना दिया है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि “संस्कार माता-पिता से मिलते हैं, इसलिए हमारी माटी, हमारी बोली और हमारे रीति-रिवाजों को हमेशा याद रखना चाहिए। हमारी संस्कृति जोड़ने की है ,मोतीचूर के लड्डू की भाँति, जिसमें अनेक दाने मिलकर एकता का स्वाद देते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि मानसिकता अंग्रेज़ी नहीं, भारतीय होनी चाहिए।हम मोमबत्ती जलाकर अंधकार फैलाने वाली संस्कृति नहीं, बल्कि दीप प्रज्ज्वलित कर ज्ञान और प्रकाश बाँटने वाली परंपरा के वाहक हैं। दर्शन और प्रदर्शन में यही अंतर है।
डॉ. शर्मा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि
“गुणों को ग्रहण करना चाहिए और मातृशक्ति का सम्मान ही सच्चा संस्कार है।”
“हमारी सभ्यता, परिवेश और संस्कृति का कोई मुकाबला नहीं है — यह हमारी पहचान और हमारी शक्ति दोनों है।”
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को समय दें और उनके साथ स्नेहपूर्वक संवाद करें।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि “नई शिक्षा नीति इस रोडमैप का सबसे मजबूत आधार है। हर घर में स्वदेशी उत्पादन और उपभोग को बढ़ावा देना ही स्वदेश का सम्मान है। जीएसटी में छूट इस दिशा में एक महत्वपूर्ण सहायक कदम है।
डॉ. दिनेश शर्मा जी ने सीकर की हजारों की संख्या में आई जनता को संबोधित करते हुए कहा कि —
“आप वीर भूमि के निवासी हैं।परिवार के बड़े बुजुर्ग का सम्मान हमारी प्रगति के लिये सबसे जरूरी है, हमारे चूल्हे में परिवार का भाव बसता है।बुजुर्ग अपने बच्चों को राजस्थान की वीर भूमि की कहानियाँ सुनाते रहिए। हमारी संस्कृति महान है और आपने उसे अपनी कर्मभूमि से सींचा है।”

उन्होंने कहा कि बच्चों को किताबी कीड़ा नहीं बनाना चाहिए, उन्हें खेलने,संस्कार, संस्कृति, समाज का अनुभव करने और सीखने का अवसर देना चाहिए।

यदि सरकारी स्तर पर प्रतियोगी परीक्षा और हाई स्कूल-इण्टरमीडिएट का कोर्स हो तो“कोचिंग की आवश्यकता नहीं होगी, सरकार को प्रशिक्षण देना चाहिए और सेवानिवृत्त अनुभवी लोग सेवा भावना से इसमें योगदान दें।” उत्तर प्रदेश में अभ्युदय कोचिंग एक नया प्रयोग है जिसमें निशुल्क पठन-पाठन की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय महामंत्री श्री पवन पारीक ने कहा की राष्ट्रीय शिक्षा नीति इस देश के लिए अभिनव प्रयोग साबित होगा। रोबोटिक्स,आर्टिफिशियल इंटलेंजेसी, कोडिंग से लेकर कृषि एवं योग तक जोड़कर भारत का गौरव और विश्वगुरु बनने का संकल्प है । उन्होंने बताया की विप्र फाउंडेशन का इस्पेक विंग पूरे विश्व में सनातन के ऋषियों की गाथा, योग ज्योतिष तथा वास्तु के विषय में प्रचार कर रहा है तथा अनेकों देशों में चैप्टर बना चुका है।
कार्यक्रम में भवानी सिंह राठौड़,विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओ पी मिश्रा, श्री रतन कुमार अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीकर, श्रीमती अन्नु शर्मा सहायक निदेशक पर्यटन विभाग, शशिकांत शर्मा आयुक्त नगर परिषद सीकर, हर्षल चौधरी एडिशनल सीएमएचओ सीकर, श्री जगदीश प्रसाद गौड़ सचिव यूआईटी सीकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय के चेयरमैन श्री महावीर प्रसाद ढाका ने बताया कि एम. के. मेमोरियल शिक्षण संस्थान सी. सै. स्कूल के वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में संस्थान के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक छठा को बिखेरते हुए अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से उपस्थित जन समूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा राम सिया राम, राजस्थानी घूमर, धरती धोरा री, ऑपरेशन सिंदूर थीम आदि नृत्यों पर शानदार प्रस्तुतियां दी गई। महाराणा प्रताप ड्रामा ने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। अतिथि का स्वागत सत्कार संस्था के चेयरमैन श्रीमान महावीर प्रसाद ढाका, सहनिदेशक इंजि. मनीष ढाका व सदस्य श्रीमती आंचल चौधरी ने किया। विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रधानाचार्य श्रीमती संगीता शर्मा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में 12वीं बोर्ड परीक्षा में रिद्धिमा शर्मा 97.60%, हिमांशु शर्मा 96.80%, रायना चौहान 96.00%, सुहानी माथुर 95.60%, हिना शर्मा 95.00% एवं दसवीं बोर्ड परीक्षा में अनुष्या मंडीवाल 97.50%, अक्षिता बराला 96.83% को लैपटॉप प्रदान किए गए। साथ ही बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया। इस दौरान कार्यक्रम में विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री संजय शर्मा, प्रधानाचार्य श्रीमती आशा शर्मा, अकादमी प्रमुख नेहा वर्मा एवं समस्त स्टाफ के सदस्य सहित शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यवसायी एवं अभिभावक गण उपस्थित रहे।

 

abtakhindi newsjhunjhunujhunjhunu hindi newsrajasthanrajasthan hindi newsrajasthan khabarrajasthan newsrajasthan updateshekhawati newsSikarsikar khabarSIKAR NEWS