सीकर जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है, जहां शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान -1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, गुरुवार के -1.5 डिग्री के मुकाबले मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन दिनभर कड़ाके की ठंड और शीतलहर से राहत नहीं मिली।
जयपुर मौसम केंद्र ने अगले दो दिन यानी 13 और 14 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पारा जमाव बिंदु के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, 15 दिसंबर के बाद ठंड में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इस सीजन में अब तक केवल तीन बार पारा जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा है, और घना कोहरा भी बेहद कम देखने को मिला है।