शेखावाटी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी…

फीस कम करने की मांग पर अड़े छात्र, प्रशासन के रवैये के खिलाफ चेतावनी

सीकर की पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ एसएफआई के छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।

शुक्रवार देर रात यूनिवर्सिटी प्रशासन ने धरना समाप्त करवाने की कोशिश की, लेकिन छात्र खुले आसमान के नीचे ठंड में डटे रहे। आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड ने न केवल उन्हें कैंपस में रुकने से रोका, बल्कि उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर समझाइश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

एसएफआई के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश डूडी ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रोफेशनल कोर्सेज की आड़ में MBA, MCA, BBA, BCA, LLM और MSc Biotech जैसे पाठ्यक्रमों की फीस में लगातार वृद्धि कर रही है। गरीब और किसान परिवारों के बच्चों के लिए भारी-भरकम फीस देना संभव नहीं है।

आर्ट्स कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष राजू बिजारणियां ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही फीस में कमी नहीं की गई, तो यह आंदोलन उग्र रूप लेगा। छात्र ठंड और बारिश के बीच सड़कों पर उतरेंगे और आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।

abtakhindi news