सीकर के लोसल थाना क्षेत्र के शेषम गांव में पावरग्रिड की हाईटेंशन लाइन के विरोध में दो किसान खंभे पर चढ़ गए। पावरग्रिड द्वारा खेतों से होकर बिजली की हाईटेंशन लाइन डाली जा रही थी, जिसे लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और उचित मुआवजे की मांग की। जैसे ही पावरग्रिड के कर्मचारी काम करने पहुंचे, विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और दो किसान खंभे पर चढ़ गए।
सूचना मिलने पर सीओ धोद सुरेश शर्मा, थानाधिकारी राकेश मीणा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश करने की कोशिश की। पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोंकझोंक की स्थिति बन गई। इससे पहले सीकर के जीणमाता थाना क्षेत्र में भी पावरग्रिड की लाइन के विरोध में इसी तरह की घटना घटित हो चुकी है। फिलहाल, सीकर जिला मुख्यालय से सिविल डिफेंस की टीम मौके पर रवाना हो चुकी है।