श्रीगंगानगर: हत्यारोपी ने पुलिस थाने की हवालात में किया सुसाइड…

"कंबल के कवर से फंदा लगाकर जान दी"

श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ सिटी पुलिस थाने की हवालात में एक हत्यारोपी ने खुदकुशी कर ली। युवक, नरेश कुमार (23), को बुधवार शाम गिरफ्तार किया गया था और हवालात में बंद किया गया था। पुलिस के अनुसार, नरेश ने कंबल के कवर की पट्टी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना के समय नरेश के साथ दो अन्य युवक भी हवालात में बंद थे। नरेश रात करीब 1:30 बजे तक सो रहा था, फिर उसने कंबल के कवर की पट्टी को उधेड़कर सरिए पर फंदा लगा लिया। पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक का शव सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में भेजा गया, और घटना के बाद हवालात को सील कर दिया गया। FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

नरेश को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। 12 अगस्त को भोजेवाला गांव में अशोक गोदारा की लाठी-डंडों से हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में 12 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था, और नरेश हत्याकांड में मुख्य आरोपी था, जो गिरफ्तारी से पहले फरार था।

abtakNewsSikar