श्रीगुरुनानक देव जी का 555वां प्रकाशोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया…

गुरुद्वारा सिंह सभा श्रीमाधोपुर में शबद-कीर्तन और लंगर प्रसाद के साथ दिव्य आयोजन

श्रीमाधोपुर के पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में शुक्रवार को सिख धर्म के पहले गुरु और संस्थापक श्री गुरुनानक देव जी महाराज का 555वां प्रकाशोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सिख और पंजाबी समुदाय के अलावा अन्य समुदायों के लोग भी गुरुद्वारा पहुंचे और माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रकाश पर्व के दौरान गुरुद्वारे में सजाए गए कीर्तन दरबार में श्रद्धालुओं ने शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का समर्पण किया। कार्यक्रम की शुरुआत गुरू ग्रंथ साहिब के साप्ताहिक पाठ की समाप्ति से हुई, उसके बाद आसा दी बार का पाठ और शबद कीर्तन प्रस्तुत किए गए। सरदार चरणसिंह की मौजूदगी में अरदास की गई।

महाआरती और अरदास के बाद गुरु नानक देव जी के अटूट लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समाजों के लोग पंगत में बैठकर लंगर प्रसाद का आनंद लिया। लंगर का आयोजन दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ और दिनभर चलता रहा। शाम को गुरुद्वारे और घरों में दीप जलाकर खुशियां मनाई गईं।

इस अवसर पर सरदार उत्तमसिंह सतनाम, अमरजीत सिंह, रमेशलाल वधवा, नरेश खुराना, लालचंद पंजाबी, महेश पंजाबी, भीमराज पंजाबी, और अन्य श्रद्धालु मौजूद थे।

abtakNewsSikar