श्री क्षात्र पुरुषार्थ फाउंडेशन का सातवां स्थापना दिवस मनाया गया…

क्षत्र धर्म और भारतीय संविधान विषय पर आयोजित हुई गोष्ठी

सीकर शहर के श्री कल्याण राजपूत छात्रावास में रविवार को श्री क्षत्रिय युवक संघ के आनुषंगिक संगठन, श्री क्षात्र पुरुषार्थ फाउंडेशन का सातवां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर क्षत्र धर्म और भारतीय संविधान विषय पर एक गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत तनसिंह के चित्र के समक्ष पूजा और मंगलाचरण से की गई।

श्री क्षत्रिय युवक संघ के डीडवाना प्रांत प्रमुख, जय सिंह सागू ने संविधान की प्रस्तावना के बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। सागू ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में मुख्य बिंदु जैसे संपूर्ण प्रभुत्व संपन्नता, समाजवाद, पंथ निरपेक्षता, लोकतंत्र, गणराज्य, विचार और विश्वास की स्वतंत्रता, योग्यता के आधार पर अवसर, जीवन की गरिमा, राष्ट्र की एकता और अखंडता आदि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं। उन्होंने बताया कि क्षत्रिय युवक संघ वर्षों से संस्कार निर्माण के कार्य में संलग्न है और इसी दिशा में श्री क्षात्र पुरुषार्थ फाउंडेशन का गठन हुआ है।

फाउंडेशन के सदस्य रतन सिंह छिंछास ने फाउंडेशन के उद्देश्यों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन सकारात्मक सामाजिक भाव वाले युवाओं का संयोजन कर उन्हें समाजसेवा में सक्रिय करने का कार्य करता है। इसके लिए विभिन्न कार्यक्रम जैसे बैठकें, गोष्ठियां, कार्यशालाएं और भ्रमण आयोजित किए जाते हैं।

सुरेन्द्र सिंह तंवरा ने वर्ष 2025 की कार्य योजना प्रस्तुत की और आगामी कार्यक्रमों में जन सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम को ईश्वर सिंह सांवराद, नवरंग सिंह चिराना और कुलदीप सिंह छपारा ने भी संबोधित किया। संचालन हिम्मत सिंह बेरी ने किया। समारोह में बाल सिंह पालड़ी, गजेन्द्र सिंह राजास, अजीत सिंह नरसिंहपुरी, सुमेर सिंह ढोलास, भवानी सिंह राठौड़, नन्द सिंह बेड़, ओमपाल सिंह ठिमोली, मूल सिंह बरसिंहपुरा और छगन सिंह नागवा सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

abtakhindi news