सांसद राहुल कस्वां की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर अभिषेक सुराणा, जिला प्रमुख वंदना आर्य, सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल, तारानगर प्रधान संजय कस्वां सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने चिकित्सा विभाग में अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए, खासतौर पर चूरू मेडिकल कॉलेज और आयुष चिकित्सालय के मुद्दे पर। उन्होंने केंद्र की विभिन्न योजनाओं में बजट के सही उपयोग की आवश्यकता जताई। कृषि, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा सहित अन्य विभागों के मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिला प्रमुख वंदना आर्य ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को विकास कार्यों में समन्वय रखने के निर्देश दिए। बैठक में कुल 16 विभागों की योजनाओं पर चर्चा की गई।