सीएलसी द्वारा संचालित सीबीएसई स्कूल सीआईएस में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसमें भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता नीलम मिश्रा और गौ भक्त नवल बाईसा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। सीआईएस प्रिंसिपल सुषमा भदौरिया ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर किट-कैट क्विज, फन गेम्स और फागोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन का आनंद उठाया। विशेष अतिथि गौ भक्त नवल बाईसा ने महिलाओं को बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और मानवीय मूल्यों की सीख देने की प्रेरणा दी। वहीं, नीलम मिश्रा ने महिलाओं को एक-दूसरे का साथ देकर आगे बढ़ने, जीवन में सदैव कुछ नया सीखने और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी मातृशक्ति ने स्कूल द्वारा आयोजित इस आयोजन की सराहना की और इसे प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सीआईएस प्रिंसिपल सुषमा भदौरिया ने सभी अतिथियों और उपस्थित मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया और कहा कि महिला सशक्तिकरण के ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता और प्रेरणा के नए द्वार खोलते हैं।