सीएम के स्वागत की तैयारियां तेज, मंत्री खर्रा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश…

झाबरसिंह खर्रा ने सीकर में कार्यक्रम स्थलों का लिया जायजा, छाया-पानी सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 19 अप्रैल को प्रस्तावित सीकर दौरे को लेकर तैयारियों में तेजी आ गई है। यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा, पूर्व सांसद सुमेधानंद, जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ और अन्य भाजपा नेताओं ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंत्री खर्रा ने छाया, पेयजल, पांडाल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं कोई कमी न रह जाए। सरगोठ से लेकर सीकर सर्किट हाउस तक सभी प्रमुख स्वागत स्थलों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

इस मौके पर भाजपा पदाधिकारियों की बैठकें भी हुईं, जिनमें स्वागत कार्यक्रम के लिए जिला व विधानसभा स्तर पर संयोजक नियुक्त किए गए। पूर्व सांसद सुमेधानंद को जिला संयोजक, जबकि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए तेज प्रकाश सैनी, विष्णु चेतानी, गोविंदराम बिजारणियां, राजकुमार जोशी, राजेश रोलन, सरोज कड़वासरा, रामसिंह पिपराली और महेंद्र जोशी को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।