कल्याण सर्किल पर लगातार ट्रैफिक जाम से जूझ रहे शहरवासियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। पीडब्ल्यूडी ने सड़क चौड़ीकरण के लिए सीकर होटल और उससे सटी दुकानों के अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। गुरुवार को जारी नोटिस में तीन दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त कार्रवाई शुरू होगी।
इस कार्रवाई के पीछे 11 सितंबर 2024 को जिला न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित करना है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तक होटल और दुकानों के अतिक्रमण वाले हिस्सों की मार्किंग पूरी की जाएगी। इससे पहले, छह महीने पहले होटल नटराज के अतिक्रमण को हटाकर जाम की स्थिति में सुधार किया गया था। आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे, जिससे कल्याण सर्किल से डाक बंगले तक जाम की समस्या का समाधान हो सके।