सीकर के पलसाना में देर रात पीटीआई टीचर झाबर सिंह बिजारणियां के घर पर बदमाशों द्वारा लूट और तोड़फोड़ की वारदात सामने आई है। करीब 10-12 बदमाश गाड़ी लेकर घर में घुसे और मुख्य गेट को गाड़ी की टक्कर से तोड़ दिया। उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। बदमाशों के हथियार देखकर परिवार के लोग डर गए और मकान की छत पर जाकर छुप गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बदमाशों ने घर में रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और स्कूटी व मोटरसाइकिल को भी तोड़ दिया। घर के अंदर काफी तोड़फोड़ की गई। घटना की जानकारी मिलते ही रानोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीनी विवाद से भी जुड़ा हो सकता है। फिलहाल बदमाशों की तलाश जारी है।