सीकर को संभाग और नीमकाथाना को जिला निरस्त करने के विरोध में मंगलवार को लक्ष्मणगढ़ में एनएसयूआई ने युवा आक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा ने इसे शेखावाटी के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के लोगों के हितों के खिलाफ है।
नागा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सीकर को संभाग और नीमकाथाना को जिला बनाने की मांग को पूरा किया था, जिसके तहत प्रशासनिक ढांचा भी स्थापित किया गया। संभागीय आयुक्त और पुलिस आईजी की नियुक्ति के साथ कार्य प्रारंभ हो गया था। लेकिन अब निरस्तीकरण से स्थानीय लोगों को फिर से जयपुर जाना पड़ेगा। एनएसयूआई ने सरकार से इस निर्णय को रद्द कर सीकर संभाग और नीमकाथाना जिले की बहाली की मांग की है और चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।