सीकर की गोकुलपुरा थाना पुलिस ने जयपुर से स्मैक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। चार दिन पहले सीकर शहर में नशे की तस्करी करते पकड़े गए हरिराम अग्रवाल से पूछताछ के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। हरिराम ने पुलिस को बताया कि वह जयपुर निवासी वसीम खान से स्मैक खरीदकर सीकर में बेचता था।
गोकुलपुरा थाना प्रभारी प्रीति बेनीवाल के अनुसार, कोतवाली पुलिस ने पहले लोसल निवासी हरिराम (27) को गिरफ्तार कर उसके पास से 17.86 ग्राम स्मैक बरामद की थी। जांच के दौरान हरिराम ने जयपुर के त्रिपोलिया बाजार निवासी वसीम खान (30) का नाम लिया, जिसके बाद पुलिस ने जयपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम में एएसआई हिदायत अली, कॉन्स्टेबल बबलेश, जयसिंह, विष्णु और विकास शामिल रहे। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह स्मैक की सप्लाई कहां से लाता था और इसका नेटवर्क कहां-कहां फैला हुआ है।