सीकर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, राधेश्याम गुर्जर की हत्या की साजिश का खुलासा…

दोनों आरोपी बाबा गैंग के सदस्य, राधेश्याम गुर्जर को मारने की योजना बना रहे थे

शहर कोतवाली पुलिस ने फायरिंग करने की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे बाबा गैंग के सदस्य हैं और वे एचएस राधेश्याम गुर्जर की हत्या करने की योजना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश गुर्जर उर्फ धोलिया (21) और प्रदीप नेहरा (21) शामिल हैं। मुकेश गुर्जर पर पहले भी मारपीट, आर्म्स एक्ट, डकैती जैसे आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले सदर पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर राधेश्याम गुर्जर की गैंग में शामिल था, लेकिन बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर रंजिश हो गई। इसके बाद मुकेश गुर्जर ने राधेश्याम गुर्जर को जान से मारने की योजना बनाई थी।

आरोपियों की योजना थी कि जैसे ही मौका मिलेगा, वे राधेश्याम गुर्जर पर गोली चला कर फरार हो जाएंगे। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी 307 गैंग से जुड़े हुए हैं, और पूछताछ व मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस इनके गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के प्रयास में है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में हैड कांस्टेबल दुर्गाराम, कांस्टेबल शंकरलाल, कांस्टेबल दलीप, दिनेश और गोकुलपुरा पुलिस थाने के कांस्टेबल जयसिंह की अहम भूमिका को माना है। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

abtakhindi news