सीकर पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में ‘पुलिस शहीद दिवस’ मनाया गया, जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके परिजनों का सम्मान किया गया। सुबह 7:45 बजे सीकर रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह को परेड की सलामी दी गई, जिसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए गए। पुलिस ने शहीदों की याद में मार्च पास्ट किया और आसमान में तीन हवाई फायर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिससे ग्राउंड गूंज उठा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन में पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में सीकर रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह, एसपी भुवन भूषण यादव, प्रशिक्षु आईपीएस शाहीन सी, एडिशनल एसपी गजेंद्र सिंह जोधा सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। आईजी सत्येंद्र सिंह ने शहीद पुलिसकर्मियों के नाम पढ़कर सुनाए और उनकी गाथा को पेश किया। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का जीवन प्रेरणादायक है, और हमें उनकी कुर्बानियों को हमेशा याद रखना चाहिए।
1959 में चीन से लद्दाख में हुई मुठभेड़ में देश की रक्षा करते हुए कई पुलिसकर्मी शहीद हुए थे, जिनकी याद में हर साल 21 अक्टूबर को ‘पुलिस शहीद दिवस’ मनाया जाता है।