सीकर में धुलंडी की रात गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दो पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के धोद रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां स्मार्ट कार वॉश सेंटर से एक गाड़ी निकल रही थी, लेकिन आगे खड़ी दूसरी गाड़ी के नहीं हटने पर विवाद शुरू हो गया।
झगड़ा बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके, जिससे कार वॉश सेंटर पर मौजूद एक युवक के पैर में चोट आई। सूचना मिलते ही सीओ सिटी प्रशांत किरण समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कोतवाली, सदर, उद्योग नगर पुलिस और RAC की टीम ने स्थिति को संभाला और पांच लोगों को राउंडअप कर लिया।
सीकर सिटी IPS प्रशांत किरण ने बताया कि विवाद गाड़ी साइड करने को लेकर हुआ था। फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण है और मामले की जांच जारी है। देर रात तक कोई केस दर्ज नहीं हुआ था।