सीकर में इन दिनों मौसम में बदलाव महसूस हो रहा है। जहां सुबह और रात के वक्त गुलाबी सर्दी का असर बढ़ रहा है, वहीं दिन में तेज धूप का अनुभव हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा।
कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर के अनुसार, आज सुबह न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पिछले दिनों में तापमान में कुछ वृद्धि देखी गई थी। रविवार को न्यूनतम तापमान 13.5 और अधिकतम 35.5 डिग्री रहा, और शनिवार को 14.5 न्यूनतम और 35.5 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ इस साल के शुरुआती नवंबर में सक्रिय नहीं हुआ है, जिसके कारण पहाड़ों में बर्फबारी नहीं हो सकी है। जयपुर मौसम केंद्र ने जानकारी दी है कि 9 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। नवंबर के मध्य या आखिर में सर्दी के असर में वृद्धि और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।