सीकर में आज सुबह घने कोहरे ने जनजीवन पर असर डाला। विजिबिलिटी 50 मीटर तक सीमित रही, जबकि हर्ष पर्वत पर ‘कोहरे का समुद्र’ जैसा दृश्य नजर आया। 3100 फीट ऊंचाई वाले हर्ष पर्वत पर घने कोहरे ने नीचे स्थित गांव को पूरी तरह ढक लिया, जिससे गांव का दृश्य अदृश्य हो गया। भैरवनाथ मंदिर के पुजारी विजय पाराशर ने इसे इस सीजन का सबसे घना कोहरा बताया।
फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र के अनुसार, सीकर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में शीतलहर के प्रभाव से तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र ने जिले में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। 10 से 12 जनवरी के बीच वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है।