सीकर में भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) ने विभिन्न मांगों को लेकर आक्रोश रैली निकाली। यह रैली ढाका भवन से शुरू होकर रेलवे स्टेशन, कोर्ट रोड और धोद रोड होते हुए सभा कार्यालय तक पहुंची, जहां युवाओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
DYFI और SFI के प्रदेश अध्यक्षों ने सरकार से मांग की कि नीमकाथाना जिले और सीकर संभाग को पुनः बहाल किया जाए। साथ ही, बेरोजगारों को बिना शर्त समय पर भत्ता दिया जाए और सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्तियां की जाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों के निजीकरण से आम जनता, किसान और युवा सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। सरकार को जल्द इन मांगों पर ठोस कदम उठाने होंगे, नहीं तो विरोध प्रदर्शन और तेज होगा।