सीकर में “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे” के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू
सीकर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर के तत्वावधान में राज्यव्यापी फ्लैगशिप कार्यक्रम Transformative Tuesdays का शुभारंभ किया गया। यह पहल माननीय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, राजस्थान उच्च न्यायालय एवं अध्यक्ष, राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशन में शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य स्कूली किशोरों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों और समसामयिक सामाजिक-कानूनी मुद्दों के प्रति जागरूक करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को न्यायिक अधिकारी अपने-अपने न्यायक्षेत्र के विद्यालयों में जाकर “साइबर सुरक्षा जागरूकता, संरक्षण और न्याय तक समावेशी पहुंच” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे। सीकर न्यायक्षेत्र में इस अभियान के तहत कुल 43 विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, साइबर दुर्व्यवहार, सोशल मीडिया के खतरों और ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, छात्रों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम की विशेष पहल के रूप में विद्यालयों में “कोर्ट वाली दीदी” नामक शिकायत पेटिका तीन दिनों के लिए स्थापित की गई है, जिसमें विद्यार्थी अपनी समस्याएं, जिज्ञासाएं और सुझाव दर्ज कर सकते हैं। इस अभियान के अंतर्गत कुल 6878 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर के सचिव ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को डिजिटल युग में सुरक्षित रहने और कानून के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।