सीकर में ट्रेलर की टक्कर से किसान की मौत: मंडी से लौटते समय रॉन्ग साइड से आए वाहन ने मारी टक्कर…

धान देकर लौट रहे किसान को सामने से ओवरटेक करते ट्रेलर ने मारी सीधी टक्कर, मौके पर घायल हुआ किसान नहीं बच सका

सीकर-सालासर हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की जान चली गई। चूरू जिले के नौरंगसर गांव निवासी किसान भंवर सिंह मंडी में धान देकर ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहा था, तभी सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे एक ट्रेलर ने सीधी टक्कर मार दी। हादसा सिहोट छोटी के पास हुआ।

सदर थाना पुलिस के अनुसार, ट्रेलर एक अन्य वाहन को ओवरटेक कर रहा था और गलत दिशा में आ गया, इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल भंवर सिंह को 108 एंबुलेंस से सीकर के एसके हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भाई सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर और ट्रेलर को जब्त कर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवा दिया गया है।