सीकर में शुष्क मौसम के बीच आज तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, जो धूप निकलने के साथ कम हो गई। कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दो-तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना से इनकार किया है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के हल्के प्रभाव के चलते कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी संभव है। इसके परिणामस्वरूप ठंडी हवाओं के कारण राजस्थान और उसके पड़ोसी राज्यों में तापमान में गिरावट होगी। इससे ठंड और तेज होने की संभावना है।
दिसंबर-जनवरी में कड़ाके की सर्दी का अनुमान
मौसम विभाग ने दिसंबर और जनवरी में कड़ाके की सर्दी पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। सीकर में इन महीनों के दौरान कई बार तापमान जमाव बिंदु के नीचे चला जाता है। सर्द हवाओं और गिरते तापमान के कारण क्षेत्र में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है।