सीकर में ठंड का प्रकोप बढ़ा, एक दिन में 6 डिग्री गिरा तापमान…

घने कोहरे से विजिबिलिटी घटी, अलाव का सहारा ले रहे लोग

उत्तरी हवाओं के प्रभाव से सीकर में तापमान में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक लुढ़क गया, जिससे ठंड का असर तेज हो गया। फतेहपुर समेत कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 30 से 40 मीटर तक रह गई। तापमान में गिरावट के कारण सर्दी और ठिठुरन बढ़ गई, जिससे लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए।

सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र, फतेहपुर में आज सुबह न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 11.5 डिग्री था। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, 2 फरवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 3 और 4 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई क्षेत्रों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।

abtakhindi news