सीकर में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर रूप से घायल…

ग्रामीणों ने मुआवजे और स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर हाईवे जाम किया

सीकर के दांतारामगढ़ इलाके में मालियों की ढाणी के पास रींगस रोड पर एक बेकाबू पिकअप ने दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे जयपुर रेफर किया गया।

घटना मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई, जब दोनों महिलाएं घर के बाहर खड़ी थीं। तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उन्हें टक्कर मारी, जिससे वे उछलकर दूर जा गिरीं। इस हादसे में कमला देवी (60), निवासी दांतारामगढ़, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका एक पैर कटकर अलग हो गया। पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद, ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने खाटूश्याम जी स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। वे मृतक और घायल महिला के परिजनों को मुआवजा देने और सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे। घटना स्थल पर दांतारामगढ़ पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी पहुंचे थे।

abtakSikar