सीकर के सदर थाना क्षेत्र से डीजल चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जयपाल सिंह नामक एक व्यक्ति की दुकान के बाहर खड़े कंटेनर से चोरों ने करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया। चोरी की यह वारदात रात के समय हुई, और सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।
जयपाल सिंह ने पुलिस में दी गई रिपोर्ट में बताया कि रात करीब 1 बजे कंटेनर दुकान के सामने खड़ा हुआ था और ड्राइवर केबिन में सो गया था। लगभग 2:30 बजे एक सफेद रंग की इनोवा गाड़ी आई, जिसमें दो लोग सवार थे। दोनों ने कंटेनर की डीजल टंकी का ताला तोड़ा और पाइप लगाकर 6 ड्रम में 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया। चोर डीजल के ड्रमों को इनोवा गाड़ी में लोड करके पालवास चौराहा की ओर ले गए।
पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से चोरों का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है। एएसआई नरेश कुमार मामले की जांच कर रहे हैं और चोरी से संबंधित आगे की कार्रवाई की जा रही है।