सीकर पुलिस ने नशा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे थे। गोकुलपुरा थाना पुलिस ने गश्त के दौरान रायका कॉलोनी के पास से एक महिला को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। महिला पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रही थी। तलाशी में उसके पास से 440 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान मंजू देवी (40), निवासी रायका कॉलोनी, गोकुलपुरा के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल जयसिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसी तरह उद्योग नगर थाना पुलिस ने दासा की ढाणी रेलवे फाटक के पास चेकिंग के दौरान एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी में आरोपी के पास से गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान इस्माइल (37), निवासी सीकर के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई तेज कर दी है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। इस अभियान में कांस्टेबल देवीलाल और मनोज सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।