सीकर में रामायण पर आधारित म्यूजिकल प्ले “जय श्री राम” का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें टेलीविजन के मशहूर कलाकार पुनीत इस्सर और विंदु दारा सिंह लाइव परफॉर्म करेंगे। यह शो कटराथल रोड स्थित महादेव गार्डन में आयोजित होगा, जिसमें 30 से अधिक कलाकार प्रस्तुति देंगे। शो का निर्देशन पुनीत इस्सर ने किया है और यह पूरी तरह ब्रॉडवे शैली में संगीत और नाट्य मंचन पर आधारित होगा। शो में एंट्री पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई है।
शेखावाटी में पहली बार हो रहे इस आयोजन को लेकर अभिनेता पुनीत इस्सर ने कहा कि यह शो नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं विंदु दारा सिंह ने इसे एक सांस्कृतिक अनुभव बताया। तीन घंटे के इस शो में 13 मूल साउंडट्रैक और लाइव बैकग्राउंड स्कोर का संयोजन होगा। शाम 5:15 बजे से प्रवेश शुरू होगा, और 6 बजे से शो का मंचन किया जाएगा। आयोजकों ने इसे मनोरंजन और संस्कृति का दुर्लभ संगम बताया।