पुलिस लाइन स्थित योगा भवन में पुलिस अधिकारियों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर के अधिकारी शामिल हुए। कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को नए आपराधिक कानूनों से अवगत कराना और उनकी पालना में आ रही समस्याओं पर चर्चा करना था। सहायक निदेशक अभियोजन दिनेशकुमार ने नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी, जबकि एडीपीसी राकेश लाटा ने महिला, बच्चों और कमजोर वर्ग पर अपराध से जुड़े कानूनों पर प्रकाश डाला।
साइबर और यातायात सुरक्षा पर विशेष सत्र
वृत्ताधिकारी दिलीप मीणा ने साइबर अपराध और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। एआरटीओ वीरेंद्रसिंह राठौड़ ने सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर अपने विचार साझा किए। संगठित अपराध और गैंगस्टर नियंत्रण पर वृत्ताधिकारी संजय बोथरा ने चर्चा की। आईजी रेंज सत्येंद्रसिंह के निर्देशन में हुई इस कार्यशाला में एसपी भुवन भूषण यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।