सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.88 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे स्टेशन के पास स्थित धर्मशाला में रहकर स्मैक बेचता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले मंदिर में चोरी के मामले में भी जेल जा चुका है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
कोतवाली SHO सुनील जांगिड़ के अनुसार, पुलिस अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी हरिराम अग्रवाल (27) पुत्र बालमुकुंद अग्रवाल, निवासी लोसल, वार्ड नंबर 7 को पकड़ा गया। आरोपी जयपुर से स्मैक लाकर सीकर में बेचता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 17.88 ग्राम स्मैक और 4,580 रुपये जब्त किए, जिसकी बाजार कीमत 1 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस थाने की विशेष टीम शामिल रही।