सीकर में हुई राइजिंग राजस्थान इन्वेेस्टर समिट के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को आने वाले समय में नया आयाम मिलेगा। सीकर के प्रिंस एजुकेशन हब के निदेशक जोगेंद्र सुण्डा एवं चेयरमैन डा. पीयूष सुण्डा द्वारा राजस्थान सरकार के साथ 600 करोड़ रू. का एमओयू साइन किया गया है। इसके तहत सीकर शहर में 700 बेड का मल्टीस्पेशलिटी एवं सुपर स्पेशलिटी प्रिंस हॉस्पिटल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इस अस्पताल में मेडिकल साइंस के 21 विभाग होंगे। साथ ही एम्स, दिल्ली की तर्ज पर इमरजेंसी एवं ट्रोमा सेंटर तैयार किया जा रहा है, जहां इमरजेंसी एवं ट्रोमा के मरीजों को तत्काल इंटेंसिव क्रिटिकल केयर के साथ ही इमरजेंसी ऑपरेशन थियेटर एवं मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर आदि के विशेषज्ञों की टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। प्रिंस हॉस्पिटल में प्रारंभ से ही ओंकोलॉजी सुपर स्पेशलिटी विभाग तैयार किया जा रहा है, जहां कैंसर के मरीजों को ऑंकोलॉजिस्ट, ओंकोसर्जन, रेडियोथेरेपिस्ट के साथ ही अत्याधुनिक लीनियर एक्सीलरेटर एवं पेट स्कैन जैसी नवीनतम टेक्नोलॉजी की मशीनें भी उपलब्ध रहेंगी। प्रिंस हाॅस्पिटल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, न्यूरोलाॅजी, यूरोलाॅजी, गॅस्ट्रोएन्टेरोलॉजी, गेस्ट्रोइन्टेस्टिनल सर्जरी, प्लास्टिक व कॉस्मेटिक सर्जरी, आईवीएफ आदि के सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की सुविधायें मिलेगी।
इसके साथ ही 70 बेड के मेडिकल आईसीयू, सर्जिकल आईसीयू, इंटेंसिव कोरोनरी केयर यूनिट, निओनेटल आईसीयू, पीडियाट्रिक आईसीयू, बर्न आईसीयू आदि की सुविधा भी मिलेगी। हॉस्पिटल प्रारंभ होने के बाद मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पैरामेडिकल कॉलेज आदि भी शुरू किये जायेंगे। अस्पताल परिसर में ही 1000 से अधिक चिकित्सकों, नर्सिंगकर्मियों, पैरामेडिकल स्टाफ, नॉन टीचिंग स्टाफ एवं स्टूडेंट्स के लिए रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स भी बनाये जायेंगे। प्रिंस एजुकेशन हब के चेयरमैन डा. पीयूष सुण्डा ने कहा कि प्रिंस हॉस्पिटल के माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र की चिकित्सा सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तरीय पहचान मिलेगी। विभिन्न स्पेशलिटी एवं सुपर स्पेशलिटी के सामान्य मरीजों के साथ ही गंभीर मरीजों को भी सीकर में ही उच्च स्तरीय इलाज मिलेगा।