सीकर में शीतलहर का कहर जारी…

चौथे दिन भी तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया

प्रदेश में जारी शीतलहर के बीच सीकर में लगातार चौथे दिन भी तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। आज सीकर का न्यूनतम तापमान -2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। सुबह धूप निकलने के बावजूद गलनभरी सर्दी ने लोगों को कंपकंपाए रखा।

कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान -2 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान -1 और अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री रहा। जयपुर मौसम केंद्र ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिससे दोपहर में भी ठंड का असर बना रहेगा। हालांकि, कल से मौसम में थोड़ा सुधार होने की उम्मीद है और तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है।

सीजन में अब तक केवल चार दिन ही न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हुआ है। इनमें आज का -2, शुक्रवार का -1, गुरुवार का -1.5 और बुधवार का -1 डिग्री तापमान शामिल है। इस दौरान खेतों में बर्फ जमने और तारबंदी पर ओस जमने के दृश्य सामने आए। मौसम विभाग के अनुसार, 19 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने और तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।

abtakNewsSikar