सीकर में शुरू हुई पाइप्ड नेचुरल गैस सप्लाई, 2030 तक 30 हजार घरों को जोड़ने का लक्ष्य…

पीएनजी से बढ़ेगी सुरक्षा, होगी बचत, 24 घंटे मिलेगी सप्लाई

एलपीजी की तुलना में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) हल्की होती है, जिससे लीक होने पर यह हवा में घुल जाती है और आगजनी का खतरा कम रहता है। इसके विपरीत, एलपीजी हवा से भारी होती है, जिससे लीक होने पर गैस एक जगह इकट्ठा होकर विस्फोट जैसी घटनाओं का कारण बन सकती है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पीएनजी उपभोक्ताओं के लिए 24 घंटे कॉल सेंटर और टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की गई है, जिससे किसी भी समस्या पर तत्काल तकनीकी सहायता मिलेगी। फिलहाल उपभोक्ताओं को कनेक्शन शुल्क नहीं देना होगा, केवल 3500 या 6500 रुपये सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी।

इंडियन ऑयल ने सीकर में पाइपलाइन के जरिए रसोई गैस की आपूर्ति शुरू कर दी है। पहले चरण में तोदी नगर, जीवन नगर, शास्त्री नगर, पोलो ग्राउंड, रानी सती, पिपराली चौराहा और न्यू हाउसिंग बोर्ड समेत 50 किमी क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई गई है, जहां मार्च तक 1000 कनेक्शन जोड़े जाएंगे। 2030 तक शहर के 30,000 घरों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 1000 किमी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी सुरक्षित, सस्ती और पर्यावरण के अनुकूल है। इस पहल के साथ सीकर उन चुनिंदा जिलों में शामिल हो गया है, जहां घर-घर 24 घंटे गैस की आपूर्ति उपलब्ध है।

abtakhindi news