सीकर में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से लोगों को राहत मिली है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, और आज न्यूनतम तापमान में 5.5 डिग्री की वृद्धि हुई। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो बीते दिनों की तुलना में अधिक है। हालांकि, मौसम शुष्क बना हुआ है और आसमान में हल्के बादल छाए रहे।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिससे हवाओं का रुख बदल गया है और तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। फिलहाल 3 फरवरी तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाने और बारिश की संभावना जताई गई है।