सीकर में लगातार कड़ाके की ठंड का असर जारी है, लेकिन मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 9 फरवरी से पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इससे लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी।
शुक्रवार को फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले यह 1.3 डिग्री तक पहुंच गया था। जिले में सुबह और रात के समय अब भी तेज सर्दी का अहसास हो रहा है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। सीकर में इस सीजन में अब तक करीब 10 दिन तापमान शून्य से नीचे जा चुका है, जिससे फसलों पर ओस जमने की स्थिति बनी हुई है।