सीकर में साइबर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन, विद्यार्थियों को किया जागरूक
सीकर।
स्थानीय पोलो ग्राउंड स्थित विद्याश्रम पब्लिक स्कूल में “Transformative Tuesdays” कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर अपराध जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं समसामयिक सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संचालित किया गया। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर की सचिव शालिनी गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि यदि वे किसी भी साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो तुरंत अपने अभिभावकों को सूचित करें और कानूनी सहायता लें। संस्था निदेशक मंजू लाटा ने विद्यार्थियों को मोबाइल के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए तकनीक का सकारात्मक और संतुलित उपयोग करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या पायल शुक्ला, एचओडी बिंसी थॉमस, दीपांकर शर्मा, सीमा शर्मा, विकास शर्मा सहित समस्त विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।