सीकर जिले की धोद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलो 160 ग्राम डोडा चूरा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पोस्त सप्लाई के लिए इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है।
धोद थाना अधिकारी गिरधारी लाल ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कांसली गांव में संदिग्ध हुंडई कार को रोका। जांच में कार से दो कट्टों में 30 किलो 160 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह (20) निवासी बठिंडा और बेअंत सिंह (29) निवासी मोगा, पंजाब के रूप में हुई। ये आरोपी सीकर में मादक पदार्थ की सप्लाई के लिए आए थे।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सीकर सदर सीआई इंद्राज मरोडिया को सौंपी गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।