सुलताना उपचुनाव: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला, भाजपा की जीत का दावा…

सीएम भजनलाल शर्मा ने सुलताना में जनसभा में कांग्रेस के खिलाफ किया हमला, विकास कार्यों का किया बखान

झुंझुनूं जिले के सुलताना में हो रहे उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को दूसरी बार जनसभा की। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि झुंझुनूं की हवा अब बदली-बदली सी नजर आ रही है। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के 11 महीनों के कार्यों का जिक्र करते हुए लोगों से भारत मां के जयकारे लगवाए। उन्होंने सभा में मुठी बंद कर हाथ ऊपर उठाकर भारत माता के नारे लगवाने के साथ ही “पंजा” को भी निशाने पर लिया।

सीएम शर्मा ने कहा, “पंजे ने ही देश को गंजा किया है और अब जनता को यह सवाल करना चाहिए कि पिछले 70 वर्षों में कांग्रेस ने देश और राज्य के लिए क्या किया?” इसके बाद, उन्होंने ओला परिवार पर आरोप लगाया कि वे यमुना जल के नाम पर झूठे पत्थर गाड़ते रहे, और जनता को केवल गुमराह किया। सभा में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भांबू ने खुद को सैनिक का बेटा बताते हुए कहा कि अगर वंशवाद को बढ़ावा दिया गया तो आगामी 50 वर्षों तक विकास रुक जाएगा।

इस अवसर पर सांसद राव राजेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को “पंडित भजनलाल शर्मा” कहकर संबोधित किया और उनकी कार्यशैली की सराहना की। मुख्यमंत्री ने भी इस नाम का सम्मान करते हुए वादा किया कि उनका विश्वास कभी टूटने नहीं पाएगा।

मंत्री गहलोत का दावा: मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि 13 नवंबर को ओला का खोला खाली हो जाएगा और 23 नवंबर को झुंझुनूं जिले के लोग दिवाली मनाएंगे, क्योंकि भाजपा भारी अंतर से जीत रही है। सीएम ने यह भी बताया कि भाजपा सरकार ने राजस्थान में 2027 तक बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य रखा है, और इससे प्रदेश में 6 लाख से ज्यादा नौकरियों का सृजन होगा।

abtakNewsSikar