सोभासरिया स्कूल ऑफ लॉ में मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण

सोभासरिया स्कूल ऑफ लॉ में मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण

सोभासरिया स्कूल ऑफ लॉ में मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण

सीकर

सोभासरिया स्कूल ऑफ लॉ, सीकर में आयोजित दो दिवसीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन दूसरे दिन उत्साहपूर्ण प्रतिस्पर्धा एवं गरिमामय पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। उप–प्राचार्य डॉ. रुचि शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतिम दिन सेमी–फाइनल एवं फाइनल राउंड का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने न्यायालयीन तर्क, याचिका प्रस्तुति एवं वकालती कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

सेमी–फाइनल एवं फाइनल राउंड के दौरान प्रतिभागियों ने काल्पनिक मामलों पर आधारित याचिकाकर्ता एवं प्रतिवादी पक्ष की भूमिका निभाते हुए अपने विश्लेषणात्मक, तार्किक एवं प्रस्तुति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रश्नोत्तर, आपत्तियों एवं न्यायालयीन अनुशासन के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक न्यायालयीन वातावरण का अनुभव प्राप्त हुआ।

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद महला, प्राचार्य, एस.के. कॉलेज रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. एल. सोलंकी, प्राचार्य, सोभासरिया ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस, प्रदीप शर्मा, रजिस्ट्रार, सोभासरिया ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस, डॉ. हर्षिता गर्ग, प्राचार्य, सोभासरिया कॉलेज तथा डॉ. रुचि शर्मा, उप–प्राचार्य, सोभासरिया स्कूल ऑफ लॉ उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का संस्थान की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

सेमी–फाइनल एवं फाइनल राउंड के निर्णायक मंडल में अजय विक्रम, सुभाष सिंह कुंतल, सुचित्रा शेरोन, एडवोकेट प्रकाश जी बारवार एवं एडवोकेट कैलाश दान जी कविया (पी.पी.) शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की तर्कशक्ति, प्रस्तुति शैली एवं न्यायालयीन व्यवहार की गहन समीक्षा कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की।

मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद महला एवं डॉ. मुनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं विधि विद्यार्थियों में न्यायिक समझ, तार्किक चिंतन एवं आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. एल. सोलंकी ने कहा कि सोभासरिया ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है और ऐसे अकादमिक एवं व्यावहारिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क एवं अनुसंधान कौशल को सुदृढ़ करते हैं।

उप–प्राचार्य डॉ. रुचि शर्मा ने मूट कोर्ट प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभागाध्यक्ष शिव लाल, कार्यक्रम संयोजक रोहित सैनी एवं संकाय सदस्यों विशाल वर्मा, आलोक गोदारा, ऋषि माथुर, डॉ. सुमन बुगालिया तथा सनोफर खत्री के सहयोग, समर्पण एवं अनुशासनपूर्ण कार्यशैली की सराहना की।

मूट कोर्ट प्रतियोगिता में टीम कोड–12 विजेता रही, जिसमें कनिष्काजयवर्धन एवं दिव्यांशु मीणा शामिल थे। विजेता टीम को ₹3100 की नकद राशि एवं विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।
टीम कोड–16 उपविजेता रही, जिसमें अनुष्कादक्षिता एवं प्रांजल शामिल थे। उपविजेता टीम को ₹2100 की नकद राशि एवं उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।
बेस्ट स्पीकर अवॉर्ड विजय सिंह शेखावत को प्रदान किया गया, जिन्हें ₹1100 की नकद राशि एवं स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
बेस्ट मेमोरियल अवॉर्ड टीम कोड–18 को मिला, जिसमें जीनाअशोक एवं निशा शामिल थे।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण–पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं न्यायालयीन प्रक्रिया की गहन समझ स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जिससे यह आयोजन विधि शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक एवं स्मरणीय अनुभव सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष शिव लाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।