हर्षवर्धन जैन द्वारा मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन – 23 सितम्बर को जैन भवन में
सीकर। वर्धमान विद्या विहार संस्था द्वारा एक विशेष मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन 23 सितम्बर 2025 को सीकर स्थित जैन भवन के विशाल सभागार में किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता होंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर और नेटवर्क मार्केटिंग विशेषज्ञ हर्षवर्धन जैन, जिन्हें एमएलएम बिज़नेस का बादशाह भी कहा जाता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, जबकि अध्यक्षता करेंगे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कमल सिखवाल। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री दिगंबर जैन विद्यालय सोसाइटी के अध्यक्ष दीपक संगही ने बताया कि यह सेमिनार बच्चों, युवाओं और आम जनमानस में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और व्यवहार कुशलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
संस्था सचिव संजय संगही ने बताया कि सेमिनार में बताया जाएगा कि विभिन्न परिस्थितियों में कैसे सोच और व्यवहार को संतुलित रखते हुए सफलता प्राप्त की जा सकती है। यह कार्यक्रम विशेष रूप से छात्रों की मानसिक स्थिति को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
हर्षवर्धन जैन अपने ओजस्वी वक्तव्यों और प्रेरणादायक विचारों से देश-विदेश में लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला चुके हैं। वे अपने सेमिनारों में जीवन के अवसरों और संभावनाओं को पहचानने, लक्ष्य निर्धारण और उसे पाने के जुनून को विकसित करने पर जोर देते हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान संस्था के उपाध्यक्ष आशीष जयपुरिया, सह-सचिव रितेश रारा, कोषाध्यक्ष सुशील काला, सदस्यगण प्रियंक गंगवाल, अमित पिराका, एवं संस्था प्रधान डॉ. मीनाक्षी भार्गव भी उपस्थित रहे।