हुडील में होगा श्री आवड़ करणी सायर मां चरित कथा महोत्सव
———28 दिसंबर से 1 जनवरी तक कथा आयोजन
———पहले दिन होगी कलश यात्रा
सीकर।
श्री सायर मां के पावन जन्म स्थान ग्राम किनियां का चारणवास (हुडील) में आगामी दिनों में भव्य श्री आवड़ करणी सायर मां चरित कथामृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन के तहत श्रद्धालुओं के लिए चार दिवसीय कथा, कलश यात्रा तथा चिरजा गायन जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन समिति के अनुसार इस कथा का शुभारंभ 28 दिसंबर को कलश यात्रा के साथ होगा। कथा 1 जनवरी तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को माताजी के जीवन चरित्र और आध्यात्मिक महिमा से अवगत कराया जाएगा।
कथा महोत्सव से पूर्व 28 दिसंबर को प्रातः 9:30 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा करणी मंदिर, हुडील से प्रारंभ होकर ग्राम चारणवास के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंचेगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक चिरजा गायन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न चिरजा गायकों की ओर से भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। यह धार्मिक आयोजन हुडील चारणवास की कीनियां वंश की बहन-बेटियों की ओर से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीण एवं श्रद्धालु तैयारियों में जुटे हुए हैं।